राज्य

ओटावा. पीएनबी से 13 हजार करोड़ रुपए का फ्रॉड सामने आने के बाद भी हीरा कारोबारी नीरव मोदी की धोखाधड़ी जारी थी।  आरोप है कि नीरव ने कनाडा की पेमेंट प्रोसेसिंग कंपनी के सीईओ से इसी साल अप्रैल में धोखाधड़ी की। उसने इस व्यक्ति को 2 लाख डॉलर यानी 1.47 करोड़ रुपए में नकली हीरे की दो अंगूठियां बेच दीं। कनाडा निवासी पॉल अल्फोंसो ने यह अंगूठियां अपनी गर्लफ्रेंड के साथ सगाई के लिए खरीदी थीं। गर्लफ्रेंड को जब पता चला कि हीरे नकली हैं तो उसने सगाई तोड़ दी।

2012 में पहली बार नीरव से मिले थे अल्फोंसो
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, नीरव से पॉल अल्फोंसो की मुलाकात 2012 में अमेरिका के बेवरली हिल्स होटल में हुई थी। कुछ महीने बाद दोनों मलिबू में मिले। उन्होंने साथ में खाना भी खाया। कैन-एम पेमेंट प्रोसेसिंग कंपनी के सीईओ अल्फोंसो को लगा कि नीरव काफी अच्छा व्यक्ति है। इसके बाद कई साल तक दोनों में कोई बातचीत नहीं हुई।

अप्रैल 2018 में अल्फोंसो ने नीरव मोदी को ईमेल करके उसकी सगाई के लिए खास अंगूठी बनाने का ऑर्डर दिया। अल्फोंसो ने एक लाख डॉलर (73.95 लाख रुपए) का बजट तय किया, लेकिन नीरव मोदी ने 3.2 कैरेट के हीरे की अंगूठी का बिल 1.20 लाख डॉलर (88.73 लाख रुपए) बनाया।

पहली अंगूठी पसंद आने पर अल्फोंसो की गर्लफ्रेंड ने 2.5 कैरेट हीरे की दूसरी अंगूठी बनाने का ऑर्डर दिया, जिसके लिए 80 हजार डॉलर (59.15 लाख रुपए) का भुगतान किया गया। इसके बाद जून में अल्फोंसो ने दोनों अंगूठियों के साथ गर्लफ्रेंड को प्रपोज कर दिया और उनकी सगाई हो गई।

अल्फोंसो और उसकी मंगेतर दोनों अंगूठियों का इंश्योरेंस कराना चाहते थे, लेकिन नीरव ने उन्हें हीरे के सर्टिफिकेट नहीं भेजे। अल्फोंसो ने कई बार ईमेल किया, लेकिन नीरव बार-बार सर्टिफिकेट भेजने का आश्वासन देकर टालता रहा।

इसी साल अगस्त में अल्फोंसो की मंगेतर ने बाजार से अंगूठियां चेक कराईं तो हीरे नकली होने की जानकारी मिली। इसके बाद अल्फोंसो को नीरव मोदी के पीएनबी फ्रॉड के बारे में पता चला।

अल्फोंसो के मुताबिक, उसकी मंगेतर ने कहा, ‘‘तुम काफी चतुर व्यक्ति हो। तुमने बिना हीरे परखे दो लाख डॉलर दे दिए। यह समझ से परे है। तुम्हारे साथ नहीं रहा जा सकता।’’

सगाई टूटने के बाद अल्फोंसो ने 13 अगस्त को नीरव को ईमेल किया। उसने लिखा, ‘‘तुम नहीं जानते, तुमने मुझे कितना दर्द दे दिया। तुमने मुझे और मेरी पूर्व मंगेतर को काफी तकलीफ दी है। तुमने मेरी जिंदगी के एक खास मौके को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।’’

अल्फोंसो ने अब कैलिफोर्निया की सुपरियर कोर्ट में नीरव मोदी के खिलाफ 30.66 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति का दावा किया है। इसकी सुनवाई जनवरी 2019 में होगी। नीरव इसी साल जनवरी से लंदन में है।



Written By

DESK HP NEWS

Jaipur Tak